अकोदिया स्थित सलसलाई सारंगपुर रोड पर नायरा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एक जंगली जानवर ने मादा हिरण और उसके शावक पर हमला कर उनका शिकार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस जानवर को तेंदुए जैसा बताया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार, जानवर ने फसल के अंदर छिपकर हमला किया था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह पास के सरसों के खेत में भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। इस घटना के बाद से ग्रामीण अपने खेतों पर जाने से डर रहे हैं। वन विभाग की डीएफओ हेमलता शाह ने बताया कि घटना स्थल पर टीम भेजी जा रही है। यह उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुए की मौजूदगी की खबरें मिली थीं। वन विभाग ने पगमार्क (पैरों के निशान) के आधार पर तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि भी की थी। इसी साल 3 फरवरी को भी सलसलाई थाना क्षेत्र के जंगल में एक काले हिरण का जंगली जानवर द्वारा शिकार किया गया था। वन विभाग ने तब इसकी पुष्टि लकड़बग्घे के रूप में की थी। पिछले दो महीने से अधिक समय में क्षेत्र में जंगली जानवरों द्वारा कई जानवरों का शिकार किया जा चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम केवल खानापूर्ति कर लौट जाती है और कोई ठोस कदम नहीं उठाती। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द जंगली जानवर को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि जंगली जानवर के कारण उनकी फसल को भी नुकसान हो रहा है और वे अपनी जान जोखिम में डालकर खेतों में काम करने को मजबूर हैं। इस संबंध में जिले के डिप्टी रेंजर अशोक बघेल ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि अभी क्षेत्र में किसी बड़े जानवर की कोई हलचल नहीं दिख रही है। टीम मौके पर पहुंचकर ही स्थिति स्पष्ट करेगी। मादा हिरण और उसके शावक का पोस्टमार्टम कराने के लिए उन्हें शाजापुर लाया जाएगा।