logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

सोशल मीडिया रील ने लापता वृद्धा को परिवार से मिलाया:इंदौर से 7 दिन पहले लापता, मानसिक अस्वस्थ है महिला

इंदौर से सात दिन पहले लापता हुई 65 वर्षीय मानसिक अस्वस्थ महिला को सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील की मदद से ढूंढ लिया गया है। बाणगंगा थाना पुलिस ने उनकी गुमशुदगी दर्ज की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। लापता महिला की पहचान मुन्नी बाई विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह मूलतः सीहोर जिले की आष्टा तहसील के ग्राम गुराडिया सिराजुद्दीन की निवासी हैं। उनका परिवार बीते कुछ वर्षों से इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में रह रहा है। मुन्नी बाई के दो बेटे हैं, जो फर्नीचर कारीगरी का काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, मुन्नी बाई पहले भी चार बार इसी तरह कई दिनों तक लापता हो चुकी हैं। दो महीने पहले पति की मृत्यु के बाद से उनकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई थी। उनका नियमित रूप से इलाज चल रहा है। मुन्नी बाई के बेटे राजू विश्वकर्मा ने बताया कि उनके मुंहबोले भाई पवन ने शुजालपुर से वायरल हुई एक रील देखकर मां को पहचाना। पवन ने तुरंत इंदौर में परिवार को इसकी सूचना दी। मां को शुजालपुर के ग्राम पत्थर अमलाय क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया था।शुजालपुर मंडी थाना पुलिस के पवन परमार ने आसपास के इलाकों में यह जानकारी साझा की थी। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रही थी और केवल इतना बता पाई कि उनका घर इंदौर में है तथा परिवार कारीगर है।रेस्टोरेंट संचालक ने बनाई थी रील सोशल मीडिया पर महिला की रील रेस्टोरेंट संचालक रितेश परमार ने बनाई थी। उन्होंने लोगों से महिला के परिजनों को ढूंढने की अपील की थी। इसके बाद शुजालपुर मंडी थाना पुलिस ने परिवार से संपर्क किया और नजदीकी रिश्तेदार पवन को महिला को अपने घर ले जाने की अनुमति दी। इंदौर से महिला का परिवार भी मुन्नी बाई को वापस लाने के लिए शुजालपुर रवाना हो गया है। पवन ने सोशल मीडिया और शुजालपुर मंडी पुलिस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जिसकी मदद से उनकी मानसिक अस्वस्थ माता सकुशल मिल सकीं।

Top