logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

खेत में पानी,थमकर चल रहा फसल कटाई का दौर

शाजापुर। क्षेत्र में सोयाबीन फसल पककर तैयार हो गई है लेकिन कटाई के दौर में रूकावट आ रही है। दरअसल, खेतों में पानी भरा हुआ है, इसके चलते समस्या आ रही है। हालांकि फसल की उम्र हो जाने के चलते उसे काटना जरूरी है इसलिए किसान जैसे-तैसे गीले खेत में जाकर फसल कटाई करने में जुटे हुए हैं। जिले में दो लाख 70 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन फसल की बुवाई की गई है। इस बार मौसम अधिकांश समय अनुकूल रहा जिससे फसल की बढ़वार बेहतर हुई। हालांकि बीच-बीच में बारिश की खेंच भी हुई थी लेकिन आवश्यकता अनुसार बारिश होती रही। गत दिनों तक लहलहाती फसलों को देख किसान काफी प्रसन्ना थे। लेकिन जब फसल पक रही है तो हो रही बारिश समस्या उत्पन्ना कर रही है। दरअसल, अनेक जगहों पर सोयाबीन फसल पक चुकी है, ऐसे में ज्यादा समय तक फसल को खेत में नहीं रख सकते। लेकिन किसान की मजबूरी है कि खेत गीले होने से कटाई में समस्या आ रही है। सुबह से लेकर दोपहर तक कड़ी धूप रहने पर ऐसा लगता है मानों अब मौसम खुल चुका है लेकिन शाम होते ही कुछ बारिश हो जाती है। ऐसे में गीले खेत सूख नहीं पा रहे हैं। रविवार को भी ऐसा ही कुछ रहा, इस दिन दोपहर तक तीखी धूप रही। इसके बाद शाम को अचानक कुछ देर बारिश हुई। इस दिन अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Top