शुजालपुर। नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था आनंदम सुपर 50 एकेडमी ने एक बार फिर सफलता का ऐसा परचम लहराया कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित हो उठा। संस्था के 26 विद्यार्थियों का भारतीय सेना में चयन होने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह उपलब्धि केवल संस्था ही नहीं, बल्कि पूरे शुजालपुर के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गई है। मानो एक साथ 26 सूर्यों ने सफलता के आकाश में अपनी चमक बिखेर दी हो। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी देवेंद्र तिवारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में लीलाधर शर्मा, भगवान सिंह यादव, राहुल सोलंकी, हेमंत पुष्पद, अभिनंदन जैन, निर्मल राठौर एवं आदर्श कुशवाह सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। समारोह में चयनित विद्यार्थियों एवं अतिथियों का भारत माता का चित्र, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। पूरे सभागार में उत्साह, गर्व और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ये युवा केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे नगर और प्रदेश का नाम रोशन करने जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित युवा संवाद में युवाओं ने सेना में भर्ती की तैयारी, चुनौतियों और सफलता के अनुभव साझा किए। अतिथियों ने कहा कि आनंदम सुपर 50 एकेडमी आज युवाओं के सपनों को साकार करने वाली ऐसी पाठशाला बन चुकी है, जहां से निकलने वाले विद्यार्थी सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। संस्था की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत, मार्गदर्शन और संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। इस अवसर पर संस्था संचालक आनंद परमार, दिलीप यादव, केदार राजपूत, खान सर, दीपक सर, हेमंत सर एवं विनोद सर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पूर्व पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता पं. प्रवीण जोशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन केदार राजपूत ने व्यक्त किया। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने चयनित युवाओं का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया। पूरा वातावरण ऐसे गूंज उठा मानो शुजालपुर की धरती स्वयं अपने वीर सपूतों की सफलता पर गौरव गीत गा रही हो।