logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

आनंदम सुपर 50 एकेडमी के 15 विद्यार्थियों का मध्य प्रदेश पुलिस में चयन, भव्य सम्मान समारोह आयोजित

शुजालपुर मंडी। क्षेत्र की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था आनंदम सुपर 50 एकेडमी के लिए गौरव का क्षण उस समय बना, जब संस्था के 15 विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश पुलिस सहित विभिन्न विभागों में चयनित होकर प्रशिक्षण पूर्ण किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर संस्था परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवराज इंदर सिंह परमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम चन्द्रवंशी रहे। विशेष अतिथि के रूप में एसडीओपी निमेश देशमुख उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों में कालापीपल भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश परमार, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त धर्मेंद्र परमार, पूर्व पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता पं. प्रवीण जोशी, गोविंद परमार, गौरीशंकर परमार एवं भोजराज सिंह परमार (अल्मा) विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह में विधायक घनश्याम चन्द्रवंशी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस विभाग की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने संस्था के संचालकों एवं शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। विशेष अतिथि एसडीओपी निमेश देशमुख ने अपने संबोधन में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों एवं सेवा भावना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि पुलिस सेवा में संवेदनशीलता, संयम और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में देवराज इंदर सिंह परमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने संस्था के संचालक आनंद परमार, दिलीप यादव एवं केदार राजपूत की कार्यशैली, शिक्षा के प्रति समर्पण एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन की सराहना की तथा चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। संस्था के संचालक आनंद परमार सर, दिलीप यादव सर, केदार राजपूत सर ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं सामान्य परिवारों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें सफलता दिलाना है। कार्यक्रम में शिक्षकगण दिलीप यादव सर, केदार राजपूत सर, खान सर एवं दीपक सर की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन प्रीति सिंह राठौड़ ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन संस्था संचालक केदार राजपूत ने माना।

Top