शुजालपुर मंडी। क्षेत्र की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था द परफेक्ट कोचिंग के लिए गौरव का क्षण उस समय बना, जब संस्था के 15 विद्यार्थियों का चयन मध्यप्रदेश पुलिस एवं 14 विद्यार्थियों का चयन भारतीय सेना में हुआ। वहीं एक विद्यार्थी का चयन रेलवे में टीसी पद पर हुआ। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर संस्था परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जिला महामंत्री विजय सिंह बैस, नगर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, समाजसेवी देवराज सिंह परमार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पार्षद प्रवीण जोशी तथा भूतपूर्व सैनिक धर्मेंद्र परमार मंचासीन रहे। समारोह को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस विभाग की सबसे बड़ी पूंजी है। साथ ही उन्होंने संस्था के संचालकों एवं शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। विशेष अतिथि श्री बैस ने अपने संबोधन में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों एवं सेवा भावना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि पुलिस सेवा में संवेदनशीलता, संयम और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। अतिथियों ने संस्था के संचालक एवं शिक्षकगण की कार्यशैली, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। संस्था के संचालक एवं शिक्षकगण श्याम परमार सर ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं सामान्य परिवारों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें सफलता दिलाना है। कार्यक्रम में शिक्षकगण श्याम सर विजेंद्र सर जितेंद्र सर अरमान सर राजचौहान की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन श्याम परमार ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन विजेंद्र सिसोदिया ने माना