logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

सेवाभाव से लोगों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य है

भोजराज सिंह पंवार--- मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जन अभियान परिषद, पेसा मोबलाईजर, और मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र शासन की योजनाओं को जनता के बीच ले जाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इससे प्रशासन और जनता के बीच में संवाद बढा है। जन अभियान परिषद, पेसा मोबलाईजर और मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र शासन की योजनाओं को सफल बनाने के लिए बेहतर भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सेवा भाव के महत्व को बताते हुए कहा कि लोगों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य है। नर सेवा ही नारायण सेवा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पुलिस परेड मैदान में जन अभियान परिषद, पेसा मोबलाईजर और मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व केबिनेट मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, पूर्व विधायक श्री दुलीचंद उरैती, कमिश्नर जबलपुर श्री अभय वर्मा, कलेक्टर श्री विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अवधराज बिलैया, सांसद प्रतिनिधि श्री नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टचार का खेल नहीं चलेगा। प्रदेश में पारदर्शिता के साथ काम करना होगा। भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट लागू कर ग्रामसभा को अधिकार सौप दिए गए है। पेसा एक्ट के तत्वधान में ग्राम सभाएं गांव के विकास कार्यों की कार्ययोजना बना सकेगी और गांव के हित में निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई कि डिंडौरी जिले में ग्राम सभाओं ने गांव में शराबबंदी करने का निर्णय लिया है। इससे गांव-गांव नशामुक्त बनेंगे और लोगों के जीवन में बदलाव आयेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामसभाएं तेन्दूपत्ता संग्रहण एवं विक्रय करने का भी काम करेगी, इससे ग्राम सभा को आमदानी होगी। ग्राम सभाओं को तेंदूपत्ता संग्रहण एवं विक्रय करने में हर संभव मदद की जायेगी। पेसा मोबलाईजर के माध्यम से पेसा एक्ट को जमीनी स्तर पर लागू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी को अच्छा काम करते हुए, लोगों के जीवन में बदलाव लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर पेसा मोबलाईजर सुश्री समिता धुर्वे, ग्राम हिनौता, श्री नरेश मरावी ग्राम नारायणडीह, श्रीमती अनीता, जनअभियान परिषद से श्रीमती नीलेश्वरी वैश्य और मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों से संवाद किया। पेसा मोबलाईजर और मुख्यंमत्री जनसेवा मित्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसेवा शिविर में शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणों को पेसा एक्ट के बारे में बतलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना से लाभांवित करने के लिए घर-घर जाकर पंजीयन कराये गए हैं। जिससे गांव की बहनों को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ मिल सके। इस अभियान में घर-घर जाकर पीले चावल देकर मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में पंजीयन कराने की सलाह दी गई है। गांवों में मुनादी और ढोल बजाकर शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। पात्रताधारी हितग्राहियों को आगे लाकर उन्हें शासन की योजनाओं से लाभांवित करने में मदद की जा रही है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान से बर्मन समाज, माझी समाज, झारिया समाज, पनिका समाज, बैगा समाज और साहू समाज के पदाधिकारी ने मुलाकात कर स्मृति चिन्ह भेंट किए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर दिव्यांग श्री थान सिंह कुंजाम से भी भेंट की। उन्होंने थानसिंह कुंजाम का उपचार कर सहायक उपकरण प्रदान करने के निर्देश दिए।

Top