शुजालपुर में शुक्रवार को सरकारी बकाया वसूली अभियान के तहत भगवती वेयरहाउस को सील कर दिया गया। डायवर्शन शुल्क और सरकारी जुर्माने के रूप में 6.50 लाख रुपए की राशि बकाया थी। इसके अलावा, एक मिठाई व्यापारी से चेक लेकर कार्रवाई स्थगित की गई, जबकि एक सोयाबीन प्लांट के मुख्य द्वार और दफ्तर पर भी ताले लगाए गए। हिराना मार्ग स्थित यह वेयरहाउस उज्जैन के एक व्यापारी का है। कार्रवाई के दौरान वेयरहाउस में तैनात चौकीदार और कर्मचारियों को बाहर निकालकर ताले जड़ दिए गए। एसडीएम राजकुमार हलधर के नेतृत्व में वसूली दल ने राजस्थान स्वीट्स पर भी कार्रवाई शुरू की। खाद्य विभाग के एक प्रकरण में इस पर 1.50 लाख रुपए का जुर्माना बकाया था। सोयाबीन प्लांट मुख्य द्वार और दफ्तर सील इसी क्रम में, आष्टा मार्ग पर स्थित एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड के सोयाबीन प्लांट पर भी अधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे। यहां प्लांट के मुख्य द्वार और एक दफ्तर पर ताले लगाकर सील कर दिया गया। इस कार्रवाई दल में नायब तहसीलदार नरेश सोनी, राजस्व निरीक्षक सुनील मंडल, पटवारी रिक्की छाबड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मिठाई व्यापारी ने मौके पर चेक देकर अधिकारियों से मोहलत मांगी। व्यापारी ने यह भी बताया कि उन्हें एक दिन पहले ही सूचना पत्र दिया गया था और अचानक सख्ती से वसूली की जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने चेक स्वीकार करने के बाद कार्रवाई रोक दी।