logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

अकोदिया में शासकीय जमीन को निजी बताकर बेचा:कोटवार, दलाल और राजस्व अधिकारियों सहित 9 पर 24 लाख की धोखाधड़ी का केस

अकोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम निवालिया में शासकीय सेवा भूमि को निजी संपत्ति बताकर बेचने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। इस धोखाधड़ी में 24 लाख 10 हजार रुपए का गबन हुआ है। अकोदिया पुलिस ने खरीदार की शिकायत पर गांव के कोटवार, दलाल और तत्कालीन राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों सहित नौ नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने उन्हें गैर-जमानती धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम निवालिया की सर्वे क्रमांक 516/01, रकबा पांच बीघा 7 बिस्वा भूमि को ग्राम कोटवार और राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने दलालों के साथ मिलकर सारंगपुर निवासी ताज मोहम्मद को बेच दिया। आरोपियों ने रजिस्ट्री करवाकर फरियादी से 24 लाख 10 हजार रुपए की ठगी की। नामांतरण प्रक्रिया में बाधा यह धोखाधड़ी तब उजागर हुई जब रजिस्ट्री के बाद नामांतरण की प्रक्रिया में बाधा आई। तत्कालीन तहसीलदार ने सतर्कता दिखाते हुए उक्त भूमि के नामांतरण पर रोक लगा दी और उसे वापस सेवा खाते में दर्ज करने के आदेश जारी किए। इस पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग से लेकर बैंक अधिकारियों तक की मिलीभगत का आरोप है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अकोदिया शाखा भी संदेह के घेरे में है, क्योंकि केसीसी लोन देते समय बंधक की प्रक्रिया पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। राजस्व अधिकारियों ने भी भूमि की जांच करना उचित नहीं समझा और खसरे में बंधक इंद्राज कर दिया। इससे शासकीय सेवा भूमि को निजी भूमि में परिवर्तित करने में राजस्व विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता स्पष्ट होती है। इनके खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर कोटवार रतनलाल पिता खुमान सिंह, कमर अली पिता अशरफ अली, आरिफ पिता बदरुद्दीन, रिजवान पिता शेख अब्दुल करीम, दिनेश पिता रतनलाल, विकास पिता माखन, सलामत अली पिता शब्बीर अली, मोर खां पिता सुबान और तत्कालीन राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीन गिरफ्तार, पांच की तलाश जारी एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख ने बताया कि आवेदक ताज मोहम्मद पिता शमशाद अली सारंगपुर के आवेदन पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद और अन्य पर धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोटवार रतनलाल, उसके पुत्र दिनेश और विकास पिता माखन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। राजस्व विभाग से तत्कालीन अधिकारी कर्मचारी की जानकारी मांगी गई है। निर्देश प्राप्त होने पर लेंगे एक्शन अंकित पाटकर अपर कलेक्टर प्रभारी तहसीलदार पोलायकला ने कहा कि ग्राम निवालिया में शासकीय जमीन कोटवार के द्वारा बेचने का मामला सामने आया है। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Top