शुजालपुर ग्राम कड़वाला निवासी 21 वर्षीय युवक का शव चौकी शाहपुर मार्ग पर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक गुरुवार शाम घर से बहन के यहां जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन सुबह उसकी लाश सड़क किनारे गांव में अचेत अवस्था में पाई गई। मृतक की पहचान धारासिंह पिता रामचरण करंजिया (21) के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और गांव में ही एक हार्डवेयर दुकान पर काम करता था। मृतक के छोटे भाई मनीष ने बताया कि उसकी बड़ी बहन पास के गांव सकेड़ी में रहती है। धारासिंह उन्हीं के यहां जाने की बात कहकर शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि शाहपुर मार्ग पर चौकी के पास एक युवक बेसुध पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को शव के पास सल्फास की दो खाली पन्नियां मिली हैं, जिससे जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि धारासिंह शराब पीने का आदी था। शुजालपुर सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।