logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

तीन दिवसीय देवी लोक महोत्सव

भोजराज सिंह पंवार देवीधाम सलकनपुर में 29 मई से 31 मई तक तीन दिवसीय देवीलोक महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान सलकनपुर में अनेक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने बैठक आयोजित कर देवीधाम सलकनपुर में देवी लोक महोत्सव के लिए चल रही तैयारियों एवं अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से देवी लोक महोत्सव के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने गांवों में देवीलोक महोत्सव के पूर्व आयोजित की जा रही गतिविधियों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि देवीलोक महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के आने एवं बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने देवी लोक महोत्सव में नागरिकों को पेयजल के लिए मुख्य स्थानों पर पानी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में भारी संख्या में नागरिकों के शामिल होने से यातायात बाधित न हो और सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े हो, इसके लिए पुलिस अधिकारी पर्याप्त अमले की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने 29 एवं 30 मई को आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए बैठक तथा आने-जाने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाए समय से पूर्व पूरी करना सुनिश्चित करें। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री आशीष तिवारी ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित की जा रही गतिविधियों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने देवी लोक महोत्सव पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आगमन से लेकर उनके सुरक्षित घर वापसी तक के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से सम्पादित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Top