शुजालपुर जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शुजालपुर में शुक्रवार को भारतीय भाषा अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली एवं विधि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आलोक खन्ना मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधि विभागाध्यक्ष जयश्री गुप्ता, हिंदी विभाग के संजय कुमार प्रजापति और संजय मिश्रा मौजूद रहे। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं भारतीय भाषा अभियान की जानकारी राजेंद्र परमार ने दी। हिंदी विभाग के संजय कुमार प्रजापति ने कहा कि मातृभाषा चेतना का प्रथम प्रकाश और मानव जीवन की आधारशिला है। यह संस्कृति के संरक्षण और सृजनशीलता की मूल शक्ति है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में कक्षा 1 से 5 तक मातृभाषा या स्थानीय भाषा में शिक्षा देने के प्रावधान और उसके महत्व पर भी प्रकाश डाला। प्राचार्य आर.के. शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के ऐतिहासिक संदर्भ और इसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे। मुख्य अतिथि आलोक खन्ना ने कहा कि मातृभाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मबल बढ़ाने और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने का सशक्त साधन है। कार्यक्रम में विधि विभाग के रवि वास्कले, सीमा राजपूत, प्रगति ठाकुर, अदिति त्रिवेदी, राहुल बामनिया सहित अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय भाषा अभियान के प्रांतीय संयोजक सत्यनारायण शर्मा उज्जैन के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन गुलाब मेवाड़ा ने किया। आभार प्रदर्शन निकिता परमार ने किया।