शुजालपुर | जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शुजालपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में छात्रों को सर सीवी रमन के जीवन चरित्र पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। डॉक्यूमेंट्री का उद्देश्य छात्रों को विज्ञान के नए शोध और खोजों से अवगत कराकर उन्हें वैज्ञानिक सोच के लिए प्रेरित करना रहा। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक रंगोली भी बनाई, जिनमें विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों और अवधारणाओं को रचनात्मक रूप से दर्शाया गया। इन रंगोलियों को छात्रों और शिक्षकों ने सराहा। इसके साथ ही स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने पोस्टर और बैनर प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। पीएम उषा प्रभारी बीके त्यागी ने सर सीवी रमन के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी छात्रों को दी। कार्यक्रम समन्वयक एवं प्राणी शास्त्र विभागाध्यक्ष मुकेश सिंह मेवाड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अंतर्गत अब तक 400 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न गतिविधियों में भाग ले चुके हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य छात्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शोध को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल द्वारा प्रायोजित है। इस अवसर पर महाविद्यालय के विज्ञान, कला और कंप्यूटर संकाय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश सिंह मेवाड़ा ने किया। आभार प्रदर्शन सुनील कुमार मित्तल ने किया।