शुजालपुर| महाशिवरात्रि पर इस बार भी श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहेगा। शिव भक्त मंडल मंडी क्षेत्र में भव्य शिव बारात निकालेगा। आयोजन को लेकर समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। शिव बारात महाशिवरात्रि के दिन सुबह 10 बजे मानस भवन से शुरू होगी। यह नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। बारात में बाहर से आए कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। नगर के प्राचीन जटाशंकर महादेव मंदिर में मेले का आयोजन होगा। मंदिर परिसर में अभिषेक के साथ भगवान शिव–पार्वती विवाह की पारंपरिक रस्में होंगी। इनमें हल्दी, मेहंदी और अन्य वैवाहिक आयोजन शामिल हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा मंदिर समिति ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की उपस्थिति में तय की। समिति अध्यक्ष हेमंत सक्सेना ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी भव्य शिव विवाह और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 15 फरवरी को विशेष अभिषेक के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का समापन होगा। इस दौरान पांच दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ भी चलेगा।