शुजालपुर| कृषक कल्याण वर्ष के तहत जिले में 11 जनवरी से 10 फरवरी तक कृषक रथ अभियान चलाया गया। जायद फसलों की बुआई से पहले हर विकासखंड की ग्राम पंचायतों में रथ पहुंचा। शाजापुर के गोयला, मो. बड़ोदिया के बोलाई, शुजालपुर के देवली और कालापीपल के ढाबला घोसी में अभियान का समापन हुआ। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। उपसंचालक कृषि आरएल जामरे ने बताया, कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने गांवों में जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियां, संतुलित उर्वरक उपयोग, नरवाई प्रबंधन, मृदा परीक्षण, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण, जैविक और प्राकृतिक खेती के बारे में बताया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्रों पर अनुदान, धरती माता बचाओ अभियान और ई-टोकन प्रणाली की जानकारी भी दी गई। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रचार सामग्री का वितरण कर जागरूकता बढ़ाई गई। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाएं और जायद पूर्व फसलों की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचाना था।