शुजालपुर में सिविल अस्पताल मंडी के पास आयुष अस्पताल और पंचकर्म केंद्र के भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस भवन के निर्माण पर 30 लाख रुपए की लागत आएगी। भूमिपूजन के बाद अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया गया। आयुर्वेदिक पद्धति से बेहतर इलाज मिलेगा अपने संबोधन में मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि आयुष अस्पताल और पंचकर्म केंद्र में आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि सरकार देश में 9 आयुर्वेदिक कॉलेज और 3 आयुर्वेदिक एम्स अस्पताल खोलकर आमजन तक आयुर्वेदिक उपचार की 'सनातन चिकित्सा' को सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम का संचालन श्यामसुंदर परमार ने किया। इस अवसर पर आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, कलेक्टर शाजापुर रिजु बाफना, नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामचंद्र पाटोदिया, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक नायक, पूर्व मंडी अध्यक्ष कैलाश सोनी मौजूद रहे। इनके साथ ही पूर्व जिला आयुष अधिकारी एचएस नगीना, सेवानिवृत आयुष चिकित्सक डॉक्टर समाधियां, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह, भाजपा जिला महामंत्री विजय सिंह बेस, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, डॉक्टर विजय सिंह खींची और एसडीएम राजकुमार हलदर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे।