शुजालपुर के जटाशंकर मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार और नगर पालिका शुजालपुर अध्यक्ष बबीता परमार उपस्थित रहीं। जटाशंकर मंदिर के आचार्य पंडित जितेंद्र चौबे के अनुसार, पंच दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत 11 फरवरी को 'लगन की पाती' लाने के कार्यक्रम से होगी। 12 फरवरी को गाजे-बाजे के साथ मंडप सजेगा और भोलेनाथ व माताजी को मेंहदी अर्पित की जाएगी। 13 फरवरी को हल्दी कार्यक्रम आयोजित होगा।14 फरवरी को शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा और शाम 6:30 बजे शिव शक्ति मिलन व महाआरती संपन्न की जाएगी। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर महाभिषेक, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी अवधि में 11 से 15 फरवरी तक पंच दिवसीय शिवशक्ति महायज्ञ भी होगा, जिसकी पूर्णाहुति 15 फरवरी को शाम 4 बजे होगी।इस पंचकुंडीय यज्ञ में प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक पूजन और अभिषेक होगा, जबकि दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हवन और आरती की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। ये रहे मौजूद बैठक में दर्शन, सुरक्षा, यातायात, बिजली-पानी और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय की गई। मंत्री परमार ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान समिति सदस्य हेमंत सक्सेना, अरुण कयाल, भगीरथ परमार, धन्नालाल पाटीदार, देवेंद्र तिवारी, पुरुषोत्तम पारवानी सहित एसडीएम राजकुमार हलदर, एसडीओपी निमिष देशमुख, सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा, लोक निर्माण विभाग एसडीओ शुभम मौर्य, बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री बीएल गुजराती और थाना प्रभारी प्रवीण पाठक भी मौजूद रहे।