शुजालपुर के नांदासुरा पहुंच मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक नवजात शिशु का शव मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा और तत्काल पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस वाहन का अमला मौके पर पहुंचा। घटना की पुष्टि होने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, नवजात के शव पर गर्भनाल लिपटी हुई थी, जिससे आशंका है कि उसकी मौत जन्म के कुछ घंटों हुई होगी।पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटनास्थल नांदासुरा रेलवे गेट से तहसील के बीच सड़क किनारे का है। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि नवजात को देर रात या अलसुबह यहां लाकर फेंका गया था। मंडी शुजालपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुजालपुर में नवजात के शव मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शुजालपुर सिटी के तालाबपुरा, रानोगंज पुल के पास और फ्रीगंज क्षेत्र में बीते वर्षों में नवजात भ्रूण के शव मिल चुके हैं। हालांकि, उन मामलों में पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी थी। मंडी शुजालपुर थाना के उपनिरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे ने बताया कि मामले की जांच जारी है।