शुजालपुर सिटी के पचोर रोड पर वाहन फाइनेंस की किश्त को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों पर हमला किया गया। चाकू से वार और मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना गुरुवार दोपहर की है। पुलिस के अनुसार, घायल श्रीपाल सिंह (32) और संजय राजपूत (27) मंडावर निवासी हैं। दोनों भाई सूरज सिंह के पुत्र हैं। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पंकज परमार की एजेंसी से जुड़े लोगों ने किया हमला फरियादी संजय ने पुलिस को बताया कि 5 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने भाई श्रीपाल के साथ शुजालपुर सिटी बस स्टैंड स्थित मां भवानी दूध डेयरी से दूध के हिसाब के रुपए लेकर गांव मंडावर लौट रहे थे। इसी दौरान पचोर रोड पर दरगाह के सामने पंकज परमार की एजेंसी से जुड़े कुछ लोग मिले। फाइनेंस की किश्त को लेकर दोनों पक्षों में विवाद संजय ने बताया कि आरोपियों ने उनकी बाइक रुकवाकर फाइनेंस की किश्त बकाया होने की बात कही। पीड़ितों ने बताया कि किश्त जमा हो चुकी है और थाने चलकर इसकी पुष्टि करने को कहा। इसी बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि चेतन नामक आरोपी ने श्रीपाल की पीठ पर चाकू से हमला किया, जबकि अन्य साथियों ने भी दोनों भाइयों के साथ मारपीट की।