शुजालपुर मंडी थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम सौंडी के जंगली इलाके में चल रहे एक बड़े जुए के अड्डे का खुलासा किया है। नेवज नदी के किनारे छिपे इस अड्डे पर पुलिस ने घेराबंदी कर 5 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही कई अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है। नेवज नदी के किनारे दी दबिश मंडी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नांदसुरा पुलिया के पास सौंडी जंगल में नेवज नदी के किनारे बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जंगल में दबिश दी, जिससे वहां भगदड़ मच गई। मौके से पुलिस ने पांच लोगों को धरदबोचा, जबकि कुछ लोग अंधेरे और झाड़ियों का सहारा लेकर फरार हो गए।7 बाइक और 5 मोबाइल जब्त पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। जब्त किए गए सामान में 10,910 रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन और 7 बाइक शामिल हैं। बाइक में तीन पल्सर, दो पैशन, एक प्लेटिना और एक शाइन गाड़ी शामिल है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए वाहनों और अन्य सामान की कुल बाजार कीमत करीब 5 लाख 15 हजार रुपए है। फरार आरोपियों की तलाश जारी पकड़े गए पांचों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।