अकोदिया स्थित सलसलाई पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम बुडलाय मार्ग पर खरसोद के जंगल में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बिजली ट्रांसफार्मर से तेल चोरी का प्रयास किया गया। 4 से 5 अज्ञात चोरों ने इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने पर वे अपना वाहन छोड़कर भाग गए। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर बिजली ट्रांसफार्मर से तेल चुराने के इरादे से जंगल में पहुंचे थे। ग्रामीणों को इसकी भनक लगते ही वे मौके पर पहुंच गए और चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों को आता देख चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि, हड़बड़ी में वे अपना वाहन जंगल में ही छोड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही सलसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के जंगल में चोरों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस ने मौके से छोड़े गए वाहन को जब्त कर लिया और उसे थाने ले आई। अब पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि थाना क्षेत्र में लगातार तेल चोरी के मामले बढ़ रहे हैं और पुलिस को अब तक अज्ञात चोरों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली थी। हालांकि, इस बार चोरों द्वारा वाहन छोड़े जाने से पुलिस को उन्हें पकड़ने में महत्वपूर्ण सुराग मिला है।