logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

कालापीपल थाने में आरोपी को लगा करंट:पुलिस ने कहा चक्कर आए, अस्पताल-सूत्रों ने इलेक्ट्रिक बर्न की पुष्टि की

कालापीपल पुलिस थाने में गंभीर अपराध के एक आरोपी युवक को करंट लगने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने जहां युवक को चक्कर आने की बात कही है, वहीं भोपाल के निजी अस्पताल और पुलिस सूत्रों ने इलेक्ट्रिक बर्न की पुष्टि की है। यह घटना बुधवार शाम को हुई। युवक पर 4 फरवरी को एक युवती के साथ घर में घुसकर बदसलूकी, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सुबह करीब 11.30 से 12 बजे के बीच हुई इस घटना के बाद गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। एसडीओपी निमिष देशमुख ने बताया कि आरोपी युवक को चक्कर आने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए ले गए हैं। हालांकि, भोपाल के निजी अस्पताल प्रबंधन और पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि युवक को इलेक्ट्रिक बर्न हुआ है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत जानकारी देने से फिलहाल परहेज किया है। उनका कहना है कि मूल प्रकरण के साथ ही लॉकअप में हुई घटना की भी जांच की जा रही है। थाने में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। थाना प्रभारी मनोहर जगत ने इस मामले पर किसी भी घटना से इनकार किया है।

Top