शुजालपुर ब्लॉक में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जातियों के सर्वेक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के शुजालपुर ब्लॉक कार्यालय में हुई, जिसमें सर्वेक्षण की कार्ययोजना और रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में जिला समन्वयक विष्णु प्रसाद नागर और ब्लॉक समन्वयक सीमा भेंडवाल मौजूद रहे। बागरी समाज के अध्यक्ष शंकरलाल और धनगर समाज के प्रतिनिधि सुमेर सिंह सहित सर्वेक्षणकर्ता उकेश मीणा, देशराज धनगर, निलेश, हेमंत और अशोक पांचाल ने सहभागिता की। सर्वे को ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से करने पर सहमति बनी। बैठक के बाद शुजालपुर के वार्ड क्रमांक 8 और 9 में संयुक्त रूप से सर्वेक्षण शुरू किया गया। इस दौरान कला भाई और सुराज सिंह बागरी के परिवारों से सर्वे की शुरुआत की गई। जन अभियान परिषद के अनुसार सर्वे का उद्देश्य विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों को शासन की योजनाओं से जोड़ना और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाना है।