शुजालपुर केसीसी डेयरी पशुपालन योजना के तहत तय 3840 प्रकरणों के लक्ष्य को पूरा करने में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ऋजु बाफना ने नाराजगी जताई। उन्होंने शुजालपुर विकासखंड में लक्ष्य के मुकाबले कम प्रगति पर विभागीय अमले की तैनाती कर जल्द लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पिछले महीने प्रगति शून्य रहने पर भी असंतोष जताया। बुधवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में पशु एवं डेयरी विभाग की योजनाओं और वार्षिक लक्ष्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ अनुपमा चौहान को निर्देश दिए कि हर शुक्रवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की जाए। साथ ही हितग्राहियों के प्रकरणों को बैंकों से समन्वय कर स्वीकृत कराया जाए। स्वीकृत प्रकरणों के हितग्राहियों को समय पर लाभ वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपसंचालक पशु एवं डेयरी डॉ. प्रशांत महाडिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।