शुजालपुर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह सीएम राइज स्कूल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद राजेंद्र सेन के परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में एसडीएम राजकुमार हलदर, एसडीओपी निमिष देशमुख, जनपद पंचायत अध्यक्ष सीतादेवी पाटोदिया और नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद शांति और सद्भाव का संदेश देने के लिए तिरंगे रंग के गुब्बारे छोड़े गए। मार्च पास्ट को सलामी दी गई, जिसके उपरांत मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार ने किया। विद्यार्थियों ने समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रेड रोज ग्रुप ने 'मेरा हिमालय' और बाल मंच ग्रुप ने 'हम भारत के हैं' गीत पर प्रस्तुति दी। कन्या शाला सिटी ग्रुप ने शौर्य और बलिदान पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सीएम राइज ग्रुप ने 'ऐ मेरे वतन के लोगों' गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। पीएम श्री ग्रुप की प्रस्तुति को भी सराहना मिली। पिछले स्वतंत्रता दिवस पर लड्डू की कमी को देखते हुए इस बार विशेष व्यवस्था की गई थी। समारोह में एक क्विंटल सांची के पेड़ों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और नागरिक उपस्थित रहे।