शुजालपुर में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर शैक्षणिक संस्थाओं में सरस्वती पूजन और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सीएम राइज स्कूल में हुए मुख्य कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार शामिल हुए और उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य रजनीश त्रिवेदी, उप प्राचार्य मुकेश नेमा, पूर्व मंडी अध्यक्ष कैलाश सोनी, भाजपा जिला महामंत्री विजय सिंह बेस और मंडल अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं पीले वस्त्र पहनकर आयोजन में शामिल हुए। अपने संबोधन में मंत्री परमार ने कहा कि भारत का प्रत्येक पर्व संस्कृति और परंपरा से जुड़ा है। उन्होंने ज्ञान की देवी सरस्वती की आराधना के महत्व पर जोर दिया, जिससे विवेक, संस्कार और सकारात्मक सोच विकसित होती है। मंत्री ने सभी से शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। बसंत पंचमी को वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक माना जाता है, जो प्रकृति में नई ऊर्जा और उल्लास लाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन ज्ञान, विद्या, कला और संगीत की देवी सरस्वती का प्राकट्य हुआ था। इस दिन शिक्षण संस्थानों में सरस्वती पूजन कर अध्ययन और ज्ञानार्जन का संकल्प लिया जाता है। पीला रंग समृद्धि, उत्साह और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।