logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

समिति के 25 वर्ष पूरे, अब तक 2.90 लाख लोगों को कराया भोजन

शुजालपुर भूखे को भोजन और प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इसी उद्देश्य से 14 जनवरी 2001 को मकर संक्रांति के दिन नगर में अन्नपूर्णा सेवा समिति का गठन किया गया था। समिति ने मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। समिति का उद्देश्य अपाहिज, अपंग, असहाय और निराश्रित लोगों को प्रतिदिन एक समय का भोजन जनसहयोग से उपलब्ध कराना है। समिति द्वारा कोरोना काल को छोड़कर लगातार सेवा जारी रखते हुए अब तक करीब 2 लाख 90 हजार लोगों को भोजन कराया जा चुका है। यह सेवा नगरवासियों के सहयोग से संभव हो पाई है। नगर के लोग बच्चों के जन्मदिन, विवाह, विवाह वर्षगांठ और परिजन की पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर सहयोग राशि देकर भोजन व्यवस्था कराते हैं। कई लोग अपने घर से भोजन बनवाकर लाते हैं, तो कुछ लोग त्योहारों पर मिठाई, फल आदि का वितरण करते हैं। सर्दियों में पुराने वस्त्र, गर्म कपड़े और कंबल भी जरूरतमंदों को समिति के माध्यम से वितरित किए जाते हैं। 25 वर्ष पूरे होने पर मकर संक्रांति के अवसर पर विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। खीर, पूड़ी, लड्डू और नमकीन स्व. मदनलाल टेलर की स्मृति में उनके सुपुत्र द्वारा कराई गई, जिसमें करीब 100 लोगों को भोजन कराया गया। समिति के अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम शास्त्री, कोषाध्यक्ष नरेंद्र धारीवाल, सचिव श्रीराम परमार, उपाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल सहित हेमंत सक्सेना, आलोक खन्ना लगातार सेवा कार्य में योगदान दे रहे हैं। स्व. प्रेमनारायण गुप्ता द्वारा शुरू की गई परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनके सुपुत्र अशोक, अरविंद, प्रदीप और शेखर गुप्ता ने 15 जनवरी 2026 को संक्रांति के अवसर पर भोजन प्रसादी के साथ कंबल, वस्त्र और दक्षिणा वितरित की। इस दौरान जस्सी कलेक्शन के संचालक द्वारा 100 जरूरतमंदों को 10-10 रुपए की भेंट भी दी गई।

Top