शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बावनहेड़ा में 80 साल की बुजुर्ग महिला ने सुसाइड कर लिया। सोमवार सुबह आवास योजना के तहत बने मकान में शव फंदे पर मिला। मृतका की पहचान भूरीबाई पत्नी स्वर्गीय मांगीलाल मालवीय के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। बकरियां चराकर जीवन यापन करती थीं। घटना का पता सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे चला, जब चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि वृद्धा सुबह से घर से नहीं निकली हैं। पड़ोस में रहने वाले उनकी बहन के बेटे राजकुमार ने घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर राजकुमार ने कच्चे मकान के कवेलू हटाकर अंदर झांका। यहां भूरीबाई फंदे पर लटकी दिखी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। तीन अलग-अलग कपड़ों से ढंका था चेहरा मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि फांसी लगाने से पहले चेहरे को दुपट्टा, शाॅल समेत तीन कपड़ों से ढंक रखा था। परिजनों ने बताया कि भूरीबाई के पति और बेटी का निधन हो चुका। इसके बाद वह अपने मायके बावनहेड़ा आकर रहने लगी थीं। उनका एक भाई होने के बावजूद वह अलग अकेली रहती थीं। आसपास के लोगों ने बताया कि भूरीबाई सामान्य रूप से अपनी दिनचर्या निभाती थीं। बकरियां चराने भी जाती थीं। उनके तनाव या परेशानी की जानकारी सामने नहीं आई है। उनके भतीजे कैलाश मालवीय निवासी कड़वाला ने बताया कि भूरीबाई का उनके यहां आना-जाना लगा रहता था। मृत्यु के बाद शव को कड़वाला ले जाने को लेकर परिजनों में मतभेद हुआ, क्योंकि मायके पक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।