शुजालपुर के सिविल अस्पताल में शुक्रवार सुबह निर्धारित समय पर डॉक्टर नहीं पहुंचने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 9.15 बजे भास्कर टीम ने अस्पताल का जायजा लिया तो प्रभारी डॉक्टर शारदा रामसरिया, डॉक्टर रामसलोने मिश्रा, डॉक्टर भूपेंद्र परमार, डॉक्टर सपना पाटीदार, डॉक्टर आभा जैन और डॉक्टर विपिन जैन के कक्ष खाली पाए गए। कर्मचारियों ने बताया कि डॉक्टर रविन्द्र के अतिरिक्त कोई अन्य चिकित्सक उपस्थित नहीं था। मरीज हुकम सिंह ने बताया कि उन्होंने सुबह 8.45 बजे पर्चा बनवाया था, लेकिन इलाज के लिए उन्हें कोई डॉक्टर नहीं मिला। गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को सीएमएचओ कमला आर्य ने अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया था। उस दौरान 15 से अधिक डॉक्टरों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्हें फटकार लगाई गई थी और नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद अस्पताल की स्थिति में कोई सुधार नहीं देखा गया। अस्पताल में पैथोलॉजी लैब, इंजेक्शन रूम और प्रशासनिक कार्यालय भी खाली मिले।