शुजालपुर|कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार रात जमधड़ नदी तट पर दीपदान हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने दीप जलाए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। आयोजन नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के सानिध्य में नवजागरण मंच ने काठिया महाराज मंदिर के पास किया। कार्यक्रम की शुरुआत शिव स्तुति से हुई। सुनील गुरु ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजन कराया। इसके बाद गंगा आरती की तर्ज पर मां जमधड़ की विशेष आरती हुई। दीपों की चमक से घाट पर स्वर्णिम आभा फैल गई। आकाशीय आतिशबाजी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष बबीता बेनी प्रसाद परमार, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मनोहर जाटव, पार्षद भूपेंद्र बल्ला सोनी, प्रवीण जोशी, मिलिंद जैन, रिंकू शर्मा, अभिभाषक केके तिवारी, संजय शर्मा, ग्रीष्म शाह, वीणा अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।