शुजालपुर | दीपावली के बाद देव उठनी ग्यारस से पहले शुजालपुर के मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दो दिनों से नगर के कई मंदिरों में अन्नकूट प्रसाद वितरण हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। गुरुवार रात मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव हुआ। प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। भगवान श्रीराम की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। महाआरती के बाद भक्तों को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। मंडी दुर्गा दरबार स्थित देवी मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव हुआ। मंदिर को फूलों से सजाया गया। देवी प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया। देवी को विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। प्रेम नगर स्थित गणेश मंदिर में भी अन्नकूट आयोजन हुआ। भगवान गणेश को अन्नकूट का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।