logo
संपादक
भोजराज सिंह पंवार
ब्रेकिंग न्यूज
बुधनी टाइम्स

शुजालपुर में ढोलग्यारस पर भगवान कृष्ण ने नगर भ्रमण किया:40 से अधिक डोल निकले, युवतियों ने किया तलवारबाजी का प्रदर्शन

शुजालपुर में भाद्रपद शुक्ल पक्ष की एकादशी पर ढोलग्यारस का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न समाजों के मंदिरों से 40 से अधिक डोल निकाले गए। फ्रीगंज से निकले जुलूस में युवतियों ने तलवारबाजी का प्रदर्शन किया। राम मंदिर मंडी और प्रेम नगर कालोनी से भी डोल निकाले गए। महिलाओं ने मैया यशोदा की जलवाय पूजन किया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मैया यशोदा और भगवान श्रीकृष्ण को अनाज, फल और वस्त्र अर्पित किए। सभी डोल सिटी के बड़ा बाजार में एकत्रित हुए। भक्तिमय माहौल में भजनों की गूंज रही। श्रद्धालुओं ने हर गली में डोल का पूजन किया। भगवान श्रीकृष्ण और माता यशोदा की आरती उतारी गई। राम मंदिर के सेवक गोविंद शर्मा ने बताया कि जलवाय पूजन के साथ जलदेव की भी पूजा की जाती है। इसलिए डोल को जमधड नदी किनारे लाया जाता है। सूर्यास्त से पहले महिलाएं डोल और जलदेव की पूजा करती हैं। श्रीराम मंदिर किला, फूलमाली समाज, मुरली मनोहर मंदिर किला, नेमा समाज, परमार समाज, दर्जी समाज, सोनी समाज, बागरी समाज और वाल्मिक समाज सहित अन्य समाजों ने डोल निकाले। देर रात सभी डोल जमधड नदी तट पर पहुंचेंगे, जहां भगवान को नदी जल में झुलाया जाएगा और आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Top