शुजालपुर के प्रसिद्ध जटाशंकर महादेव मंदिर में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन होगा। मंदिर के पंडित जितेंद्र चौबे आचार्य के अनुसार लगातार 12वें वर्ष पंच कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव 22 से 26 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम 6:30 बजे महा शृंगार दर्शन होंगे। सुबह 8:30 से 11 बजे तक पूजन और अभिषेक होम होगा। दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक हवन और आरती की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत 22 फरवरी को लगन की पाती से होगी। 23 फरवरी को मंडप छाया और मेंहदी रस्म होगी। 24 फरवरी को हल्दी समारोह और 25 फरवरी को शिवशक्ति मंगल परिणय बंधन के साथ छप्पन भोग का आयोजन होगा। महाशिवरात्रि के दिन 26 फरवरी को ठंडाई और खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम 6:30 बजे शिव विवाह महोत्सव का विशेष आयोजन होगा। मेला 25 और 26 फरवरी को लगेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर में एक ही प्रवेश द्वार से प्रवेश होगा। भक्त दर्शन के बाद बगीचे से होते हुए गौशाला के पास से बाहर निकलेंगे। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उनके लिए ठंडाई और साबूदाना का फरियाली प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस बार प्रसाद के लिए दानदाताओं से सीधे सामग्री ली जा रही है, नगद राशि स्वीकार नहीं की जाएगी।