शुजालपुर स्थित जवाहरलाल नेहरु स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विधि विभाग ने एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। छात्रों को विधि का व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से भोपाल स्थित विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय की यात्रा करवाई गई। विधि विभागाध्यक्ष ऋतु त्रिवेदी ने बताया के भ्रमण में उच्च शिक्षा, तकनीकी और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार का सहयोग रहा। विधानसभा में राहुल चंद्रवंशी ने छात्रों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विधानसभा भवन के निर्माण, विधायकों के चुनाव प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, बैठक व्यवस्था, मानसरोवर हॉल और पुस्तकालय के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद छात्रों को जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्हें मध्यप्रदेश की प्रमुख जनजातियों गोंड और भील की संस्कृति से रूबरू कराया गया। संग्रहालय में जनजातीय समुदायों के मकानों के नमूने, धार्मिक स्थल, परंपराएं, प्रकृति से जुड़ाव और दैनिक जीवन में प्रयोग की जाने वाली वस्तुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभाग के अन्य शिक्षक राजकुमार साहू, डॉ. संजय मिश्रा, डॉ. राजेंद्र सिंह परमार सहित कई अन्य प्राध्यापक और छात्र मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार शर्मा और डॉ. बी. के. त्यागी ने इस सफल आयोजन पर बधाई दी। यह भ्रमण छात्रों के लिए विधि निर्माण और जनजातीय संस्कृति की समझ विकसित करने में बेहद उपयोगी साबित हुआ।