शुजालपुर - प्रवीण जोशी (ब्यूरोचीफ बुधनी टाइम्स )- भाजपा संगठन पर्व मना रही। संगठन चुनाव को लेकर पार्टी नीचे से लेकर ऊपर तक गंभीर दिख रही है। संगठन चुनाव को लेकर पार्टी संगठन के पूरे प्रयास है कि कही कोई चयन को लेकर कार्यकर्ता आमने -सामने न हो। इस लिए पार्टी बड़े ही सोच समझकर फूँक -फूँक कर कदम रख रही है। जैसा पार्टी संगठन की बैठकों में हुए निर्णय के बाद यह कहा जा रहा है कि इस बार पार्टी काम करने वाले व रायशुमारी में जो नाम निकल कर आएगा उसे ही ताज सौंपा जाएगा। लेकिन जिस प्रकार मंडल अध्यक्षों की घोषणा हुई है उसको देखते हुए तो यह सब बाते बेकार दिखती है। जिले भर में भाजपा जिलाध्यक्ष कौन बनेगा इस पर ही सबकी निगाह है। इसको लेकर 28 दिसंबर को शाजापुर में रायशुमारी भी रखी गई है। रायशुमारी की तारीख जैसे -जैसे नजदीक आ रही है दावेदारों की धड़कने वैसे -वैसे बढ़ने लगी है। यह लोग जिला चुनाव अधिकारी व प्रभारी से लेकर रायशुमारी में शामिल होने वालों से सतत सम्पर्क बनाए हुए है। दावेदार स्वयं की दावेदारी करने में कोई कमी नही रख रहे है, वह हर संभव प्रयास कर रहे है कि अपने नाम की घोषणा हो जाए और जिला संगठन की कमान हाथ में आ जाए। यह इच्छा होना लाजमी भी है क्योंकि भाजपा की केंद्र व राज्य दोनों जगह सरकारे है। इन वजहॉ को देखते हुए जिला अध्यक्ष दावेदारों की सूची लगातार बढ़ती जा रही है। शुरूआत में चार -पांच नामो की चर्चा थी जो अब बढ़कर 10-12 नामो पर पहुँच गई है। हर कोई विधायक,सांसद व मंत्री का खास होने का दम भर रहा है। ऐसे में दिलचस्प यह होगा कि भाजपा किसके सिर पर ताज सजता है। जिलाध्यक्ष बनने की कडी में जो सबसे पहला नाम आता है वह वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक है जो सामंजस की पटरी में पहले नंबर पर आते है। उनके जिलाध्यक्ष रहते भाजपा ने जिले की तीनो विधान सभा सीट जीती है इतना ही नही जिले भर में लोकसभा सीट में भी भाजपा की लीड बड़ी है। वर्तमान में वह सर्वमान्य नेता के रूप में उभरे है। लेकिन पार्टी जातिगत समीकरण बैठाती है तो जिले में पाटीदार विधायक होने के कारण उनके नाम पर लाल स्याही फिर सकती है अन्यथा उनकी ताजपोशी में कोई रूकावट नजर नही आती। दूसरे जिला अध्यक्षों के नाम पर चर्चा की जाए तो जिला महामंत्री दिनेश शर्मा व विजय सिंह बैस का नाम सबसे ऊपर आता है। दोनों नेताओं की जिलेभर में पकड़ है और दोनों ही नेता लंबे समय से सक्रिय है। दिनेश शर्मा युवा मोर्चा के समय से पार्टी संगठन में काम कर रहे हैं वही विजय सिंह बैस विद्यार्थी परिषद के बाद युवा मोर्चा अब भाजपा संगठन में खास भूमिका में दिखाई देते है। शर्मा जहां मिलनसारिता के लिए जाने जाते हैं। तो बैस अपनी दबंग छवि व कार्यकर्ताओ के हक में लड़ने वाले के रूप में पहचाने जाते हैं। अगर नायक के बाद देखा जाए तो दोनों ही नेता संगठन के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की पहली पसंद है। दोनों ही नेता अनुभवी है तथा जिले भर में अपनी पकड़ रखते है। दावेदारों की सूची में अनुभवी नेताओं के मामले में डॉ रवि पांडे, अशोक कविश्वर, राकेश सोनी, किरण ठाकुर पीछे नहीं है। इन लोगो को संगठन ने जब भी जो दायित्व दिया है उसे इन्होने बखूबी निभाया है। यही कारण है कि संगठन की निगाह इन पर भी रहेगी। राकेश सोनी व किरण ठाकुर जहां शाजापुर के निवासी हैं,वही डॉक्टर रवि पांडे मक्सी में निवासरत है। तीनों ही दावेदार शाजापुर विधानसभा से आते हैं।जबकि कविश्वर कालापीपल विधानसभा अंतर्गत ग्राम अवंतिपुर बड़ोड़िया के निवासी है।इसी विधानसभा के ग्राम उचावद निवासी 15वर्ष तक संघ प्रचारक रहकर राष्ट्र व समाज सेवा करने वाले हरिसिंह धनगर के सांसद व तीनों विधायकों से अच्छी संबंध है। प्रदेश स्तर से भाजपा की विविध गतिविधियों में संलग्न रहते है। जिले के युवा नेतृत्व में धनगर भी एक प्रभावी नाम सामने आ रहा है। एक नाम शाजापुर विधान सभा से ओर सामने आ रहा भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह राजपूत एक बात और है अगर भाजपा किसी महिला नेत्री को जिला अध्यक्ष बनाती है तो वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष केतल पटेल का नाम भी हो बड़ा नाम हो सकता है। साथ ही शाजापुर निवासी शुजालपुर नगर मण्डल प्रभारी चेतना शर्मा का भी नाम चर्चा में है। इनके अलावा दो महिला नेत्री और दावेदारी कर रही हैं जो दोनों ही कालापीपल विधानसभा से आती है। कालापीपल निवासी व पानखेड़ी नगर परिषद पार्षद अनीता राजपूत जिनके पति जिला आईटी सेल संयोजक हैं वही दूसरा नाम पूर्व महिला मोर्चा जिला महामंत्री, पूर्व मण्डल उपाध्यक्ष प्रभा उपाध्याय अरनिया कला का है। भाजपा जिला अध्यक्ष पद के लिए संगठन जिसका नाम भी सुझाएगा उसमें संघ की पसंद या नापसंद का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। भाजपा में कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले संघ की राय भी महत्वपूर्ण होती है। इसलिए कहा जा सकता है कि जिसे संघ का आशीर्वाद मिलेगा वहीं भाजपा का जिला प्रमुख मनोनीत होगा।