शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर इस पर आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि हर पोलिंग बूथ पर बीएलओ को 150 से 200 लोगों की सूची दी गई है। इन लोगों को संदिग्ध बताया गया है, जबकि वे कई वर्षों से शुजालपुर में ही रह रहे हैं। अब उनके नाम काटने की तैयारी की जा रही है। दोपहर 3 बजे कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रामवीर सिंह सिकरवार, जिला अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष मंगल सिंह के नेतृत्व में एसडीएम राजकुमार हलधर और तहसीलदार कन्हैयालाल चौहान से मुलाकात हुई। बैठक में नेताओं ने ज्ञापन सौंपा। मांग की गई कि किसी का नाम बिना ठोस कारण के न हटाया जाए। आम जनता को आपत्ति के नाम पर परेशान न किया जाए। आपत्ति दर्ज कराने वालों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएं। कोई आपत्ति नहीं दी, फिर भी उनके नाम सूची में हैं रामवीर सिंह सिकरवार ने कहा कि अगर किसी का नाम बेवजह काटा गया तो झूठी आपत्ति दर्ज कराने वालों पर एफआईआर करवाई जाएगी। जिला अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि जब आपत्ति दर्ज कराने वालों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई आपत्ति नहीं दी। फिर भी उनके नाम सूची में हैं। यह गंभीर गड़बड़ी है। इसकी जांच होनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि किसी भी वर्ग विशेष को दस्तावेज देने या दफ्तरों के चक्कर काटने के लिए मजबूर न किया जाए। इस मौके पर प्रदेश सह-सचिव रचना जैन, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अशोक परमार, कांग्रेस नेता अचल सिंह मेवाड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष अकोदिया महेन्द्र मेवाड़ा, अजयपाल सिंह, कार्यकारी जिला अध्यक्ष शरीफ पठान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।