शाजापुर जिले के गुलाना में सोमवार सुबह एक स्कूली बस बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। ब्राइट फ्यूचर स्कूल ऑफ स्टडीज की यह बस गुलाना से बुमतलाई माताजी जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 25 बच्चे सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर को चक्कर आने और ब्लड प्रेशर कम होने के कारण घटना हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। बस ड्राइवर संजू जाती मालवीय को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। ड्राइवर बोला- ब्लड प्रेशर गिरने से बस बेकाबू हुई ड्राइवर ने बताया कि उन्हें अचानक चक्कर आ गए थे और ब्लड प्रेशर कम हो गया था, जिसके कारण बस बेकाबू हो गई। बस कंडक्टर ने भी ड्राइवर की खराब तबीयत को ही हादसे का मुख्य कारण बताया है। हादसे के कुछ देर बाद स्कूल से दूसरी बस मंगवाई गई, जिसमें सभी बच्चों को शिफ्ट कर स्कूल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही गुलाना चौकी प्रभारी रामदयाल बैरागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच और कार्रवाई करने की बात कही है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए बच्चों के सुरक्षित होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली, लेकिन उन्होंने स्कूल प्रशासन के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की। परिजनों का आरोप है कि स्कूल बस की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की है और इस मामले में लापरवाही हुई है। उन्होंने स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हादसा ड्राइवर की तबीयत खराब होने से हुआ स्कूल प्रशासन ने एक बयान जारी कर बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रशासन ने बताया कि यह हादसा ड्राइवर की तबीयत खराब होने के कारण हुआ। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित निकालने में ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। ड्राइवर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।